द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज NEET अभ्यर्थियों से कहा कि आप पढ़ाई पर ध्यान दें, हम दोषरहित परीक्षा लेंगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "NEET परीक्षा 21 जून को होनी है... आज मैंने NEET की तैयारियों का जायज़ा लेने के लिए NTA हेडक्वार्टर का दौरा किया। हमने पूरी प्रक्रिया के दौरान - प्रश्न पत्र तैयार करने से लेकर बाद के चरणों और परीक्षा केंद्रों तक सामग्री समय पर पहुंचनाने तक - कड़ी गोपनीयता बनाए रखने पर खास ज़ोर दिया है। इसमें शामिल सभी विभागों के साथ मिलकर काम किया है।

संबंधित विभागों के सचिवों की बैठक हुई
मंत्री ने आगे कहा, कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के सचिवों की एक बैठक हुई है। मैंने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र लिखा है। हालांकि उन्होंने पहले भी सहयोग किया है, लेकिन इस बार मैंने उनसे और ज़्यादा ध्यान देने का अनुरोध किया है। प्रधान ने कहा, आने वाले दिनों में केंद्रीय गृह सचिव भी इस मामले पर एक उच्च-स्तरीय बैठक करने वाले हैं। भारत सरकार की सभी संबंधित एजेंसियां अपनी-अपनी भूमिका निभा रही हैं।

नए अधिकारियों को शामिल किया गया
प्रधान ने कहा, हमने संगठनात्मक ढांचे को मज़बूत करने के लिए कई नए अधिकारियों को शामिल किया है; संयुक्त सचिवों और निदेशकों सहित कई अधिकारियों की नई नियुक्तियां की गई हैं। हर किसी को - चाहे उन्हें यहां का पहले का अनुभव हो या वे नए हों - खास ज़िम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इन मुद्दों से निपटने के लिए हम IB और CBI सहित सभी साइबर सुरक्षा संसाधनों को जुटा रहे हैं। मुझे अपनी टीम पर पूरा भरोसा है।
